बर्खास्त IAS पूजा खेडकर के माता-पिता पर मारपीट और अपहरण का आरोप, दोनों फरार

दिल्ली। विवादों में घिरी बर्खास्त IAS अधिकारी पूजा खेडकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके माता-पिता पर संगीन आरोप लगे हैं। पुलिस के मुताबिक, पूजा के पिता दिलीप खेडकर, मां मनोरमा खेडकर और बॉडीगार्ड प्रफुल सालुंखे पर ट्रक हेल्पर प्रह्लाद कुमार (22) के अपहरण और मारपीट का केस दर्ज किया गया है।
मामला 13 सितंबर की शाम का है, जब नवी मुंबई के ऐरोली में खेडकर परिवार की 2 करोड़ की लैंड क्रूजर SUV की टक्कर एक सीमेंट मिक्सर ट्रक से हुई। आरोप है कि दिलीप और सालुंखे ने ट्रक हेल्पर को जबरन गाड़ी में बैठाकर पुणे स्थित घर ले गए और वहां बंधक बनाकर उसकी पिटाई की।
पुलिस जब छुड़ाने पहुंची तो मनोरमा खेडकर ने टीम से बदसलूकी की और कुत्ता छोड़ दिया। इसके बाद दोनों अगले दिन थाने आने का वादा कर SUV समेत फरार हो गए। पुलिस ने मनोरमा पर सरकारी काम में बाधा डालने, सबूत नष्ट करने और आरोपी को बचाने का केस दर्ज किया है। फिलहाल दिलीप और मनोरमा पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
गौरतलब है कि पूजा खेडकर पर UPSC परीक्षा में OBC और दिव्यांगता कोटे का गलत इस्तेमाल कर अफसर बनने का आरोप है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 21 मई को अग्रिम जमानत दी थी। हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने पहले उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा था कि यह देश और समाज दोनों के साथ धोखाधड़ी है। पूजा का विवादित अतीत भी सामने आ चुका है। ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने वरिष्ठ अफसर के चैंबर पर कब्जा किया, निजी कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘महाराष्ट्र सरकार’ की प्लेट लगवाई। जांच में उनके दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।





