तेजस्वी का नीतीश सरकार और पीएम मोदी पर वार

बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीतीश सरकार और नगर विकास एवं आवास मंत्री जिबेश मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने कहा कि मंत्री रहते हुए जिबेश मिश्रा ने एक फर्जी ड्रग मामले में अपराध किया है और हाल ही में अपने क्षेत्र के दौरे पर उन्होंने एक पिछड़े वर्ग के पत्रकार से सवाल पूछने पर मारपीट और गाली-गलौज की। तेजस्वी ने पत्रकार पर हमले का वीडियो दिखाते हुए कहा कि बिहार में अराजकता फैली है और पूछा कि क्या मुख्यमंत्री को मंत्री की करतूत की जानकारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री से भी सवाल किया कि क्या इस पत्रकार को न्याय मिलेगा, क्या मंत्री को बर्खास्त कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी और कार्रवाई होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर भी तेजस्वी ने निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि पीएम अपने भाषण से पहले सभा स्थल के आसपास की टूटी सड़कों, बदहाल स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और महंगाई-बेरोजगारी से जूझ रहे लोगों की स्थिति देखें। तेजस्वी ने कहा कि पीएम की एक रैली से बिहार पर 100 करोड़ रुपये का बोझ पड़ता है, जबकि इस धनराशि से स्कूलों की चारदीवारी, खेल मैदान और लड़कियों के लिए शौचालय बनाए जा सकते थे।

तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को उनके पुराने वादे याद दिलाते हुए कहा कि 11.5 साल पहले पूर्णिया से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री चुनाव के समय झूठ और जुमले बेचने आते हैं और केंद्र व एनडीए सरकार की 11 और 20 साल की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए “जंगलराज” का शोर मचाते हैं। तेजस्वी ने कहा कि अब बिहारवासी इस बनावटीपन को समझ चुके हैं और यहां झूठ नहीं चलेगा।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button