बारिश के चलते वैष्णो देवी यात्रा फिर स्थगित, उत्तर भारत के कई राज्यों में अलर्ट

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम और तेज बारिश के कारण वैष्णो देवी यात्रा को एक बार फिर रोक दिया गया है। 19 दिन बंद रहने के बाद यात्रा रविवार से शुरू होने वाली थी, लेकिन भारी बारिश के चलते इसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया। इससे पहले 26 अगस्त को मंदिर ट्रैक पर हुए भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी थी।

उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बलिया में नदी कटाव से कई घर और दुकानें बह गए। इस सीजन में राज्य में 654.2 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो औसत से 4% कम है।

हिमाचल प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित है। मंडी जिले के धर्मपुर में भूस्खलन से कई घर खतरे में आ गए और आठ घर खाली कराए गए। राज्य में अब तक 386 लोगों की मौत बारिश और बाढ़ से हो चुकी है। 1 से 12 सितंबर के बीच यहां सामान्य से 133% अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है।

राजस्थान के पश्चिमी हिस्से से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश में मानसून दो हफ्ते और सक्रिय रहेगा और 16 से 22 सितंबर के बीच एक और दौर की बारिश आने की संभावना है।

उधर, छत्तीसगढ़, बिहार और हरियाणा समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ में 28 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार के 30 जिलों में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। देश के कई हिस्सों में मौसम का असर आम जनजीवन पर भारी पड़ रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button