रेल नेटवर्क से जुड़ा मिजोरम, पीएम मोदी बोले- ये सिर्फ रेल लाइन नहीं बदलाव की लाइफ लाइन है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मिजोरम को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया। राजधानी आइजॉल में खराब मौसम के चलते उन्होंने एयरपोर्ट से ही जनसभा को संबोधित किया और करीब 9,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ एक रेलवे लाइन नहीं बल्कि बदलाव की जीवन रेखा है, जो मिजोरम के लोगों के जीवन और आजीविका में क्रांति लाएगी।
पीएम मोदी ने मिजोरम से तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें पहली ट्रेन आइजॉल-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस है, जो सप्ताह में एक दिन दिल्ली तक चलेगी। दूसरी ट्रेन सैरांग से कोलकाता के बीच और तीसरी ट्रेन सैरांग से गुवाहाटी के बीच चलाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मिजोरम के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि आइजॉल अब भारत के रेलवे मानचित्र पर शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि इस रेल नेटवर्क से किसानों और व्यवसायियों को देशभर के बड़े बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। पीएम मोदी ने यह भी ऐलान किया कि जल्द ही मिजोरम में हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी, जिससे राज्य के दूरदराज के इलाकों तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि पिछले ग्यारह सालों में नॉर्थ ईस्ट के लिए सड़क, रेल, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है और अब यह क्षेत्र भारत का विकास इंजन बन रहा है।





