PM मोदी के मणिपुर दौरे से पहले हिंसा, पोस्टर-बैनर फाड़े और आगजनी; 13 सितंबर को देंगे 8,500 करोड़ की सौगात

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर दौरे से दो दिन पहले राज्य में हिंसा भड़क गई। गुरुवार देर रात चुराचांदपुर के पीसोनमुन गांव में उपद्रवियों ने मोदी के स्वागत में लगे पोस्टर-बैनर फाड़ दिए, बैरिकेडिंग गिराकर उनमें आग लगा दी। यह इलाका चुराचांदपुर पुलिस स्टेशन से लगभग 5 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा और लाठीचार्ज भी किया, हालांकि घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पीएम मोदी 13 सितंबर को मणिपुर दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे राज्य को 8,500 करोड़ रुपए की सौगात देंगे। चुराचांदपुर के पीस ग्राउंड से वे 7,300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे, जबकि इंफाल से 1,200 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। यह उनका मणिपुर हिंसा के बाद पहला दौरा होगा। मई 2023 से कुकी और मैतेई समुदायों के बीच जातीय हिंसा जारी है, जिसमें अब तक 260 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों बेघर हो गए हैं। वर्तमान में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर इंफाल और चुराचांदपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 237 एकड़ में फैले ऐतिहासिक कांगला किले और पीस ग्राउंड में समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। यहां बड़ी संख्या में सेंट्रल फोर्स तैनात है और 24 घंटे निगरानी की जा रही है। किले के चारों ओर बनी खाइयों में नाव से गश्त भी हो रही है। मणिपुर के राज्यसभा सांसद लीशेम्बा सनाजाओबा ने पीएम मोदी के दौरे को राज्य के लिए सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार कोई प्रधानमंत्री ऐसे कठिन समय में मणिपुर आकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button