केंद्रीय मंत्रियों ने संपत्तियों का ब्योरा दिया: गडकरी के पास 31 साल पुरानी एम्बेसडर कार, जयंत चौधरी ने 21 लाख क्रिप्टो में लगाए

दिल्ली। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय मंत्रियों ने अपनी संपत्तियों का ब्योरा प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की वेबसाइट पर जारी किया। इस सूची में गाड़ियां, सोने-चांदी के गहने, म्यूचुअल फंड, क्रिप्टोकरेंसी और हथियार तक शामिल हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 31 साल पुरानी एम्बेसडर कार, तीन गाड़ियां और 37 लाख रुपए से ज्यादा की सोने की ज्वेलरी घोषित की है। उनकी पत्नी कंचन नितिन गडकरी के पास 28 लाख रुपए से ज्यादा की ज्वेलरी दर्ज है।
राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख और कौशल विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने 21.31 लाख रुपए की क्रिप्टोकरेंसी इन्वेस्टमेंट घोषित की है। उनकी पत्नी चारु सिंह के पास 22.41 लाख रुपए की डिजिटल एसेट्स हैं। वे ऐसे इकलौते मंत्री हैं, जिन्होंने क्रिप्टो को संपत्ति में शामिल किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 27 लाख की ज्वेलरी और 19 लाख के म्यूचुअल फंड बताए। राव इंदरजीत सिंह ने 1.2 करोड़ रुपए से ज्यादा की ज्वेलरी, जिसमें 1,679 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी शामिल है, घोषित की।
सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने 37 साल पुराना स्कूटर और एक रिवॉल्वर, जबकि रवनीत सिंह बिट्टू ने 1997 मॉडल की मारुति कार बताई। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने डबल बैरल गन, रिवॉल्वर और 67 लाख रुपए की ज्वेलरी घोषित की। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास 8.98 करोड़ की संपत्ति और एक रिवॉल्वर है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की कुल संपत्ति 374 करोड़ बताई गई है।





