साय कैबिनेट की अहम बैठक आज, इन मुद्दों पर होगा निर्णय

राहत और विकास योजनाओं पर होगा फैसला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज 9 सितंबर दोपहर 3:30 बजे मंत्रालय (महानदी भवन) नवा रायपुर में कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी।

यह बैठक इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद साय कैबिनेट की यह पहली बैठक होगी। बैठक में सभी 14 मंत्री शामिल होंगे। कैबिनेट की पिछली बैठक 19 अगस्त को हुई थी, जिसमें सीमित एजेंडे पर चर्चा की गई थी। अब विस्तारित मंत्रिमंडल के साथ बड़े और नीतिगत मुद्दों पर विचार होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए राहत और पुनर्वास पैकेज पर चर्चा प्राथमिकता में रहेगी। हाल ही में बस्तर और अन्य जिलों में भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है, इसलिए आपदा प्रबंधन और पुनर्वास योजनाओं पर ठोस निर्णय लिए जा सकते हैं। इसके अलावा, राज्य के विकास कार्यों की प्राथमिकताएं और आने वाले विधानसभा सत्र से जुड़ी रणनीतियों पर भी विचार होगा।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक निवेश से संबंधित नई योजनाओं को मंजूरी मिलने की संभावना है। साथ ही ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन पर भी निर्णय लिए जा सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक राज्य सरकार की नीतियों की दिशा और गति तय करने में अहम साबित होगी। जनता को इस बैठक से कई राहतकारी फैसलों की उम्मीद है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button