कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने की पीएम की तारीफ, बोले उनके लहजे का स्वागत

दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमेरिका के साथ बढ़ते टैरिफ विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयानों पर जिस तरह प्रतिक्रिया दी है, वह भारत-अमेरिका संबंधों के लिए सकारात्मक संकेत है। तिरुवनंतपुरम में थरूर ने कहा कि वह इस नए लहजे का एहतियात के साथ स्वागत करते हैं।
थरूर ने कहा कि पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर दोनों ने यह संदेश दिया कि भारत-अमेरिका के बीच साझेदारी वैश्विक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि ट्रम्प के अपमानजनक बयानों और 50% टैरिफ को भुलाया नहीं जा सकता। ट्रम्प का स्वभाव अस्थिर है और उनकी बातों से भारत का अपमान हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारत को अमेरिका से माफी मांगने की जरूरत नहीं है। अमेरिकी कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने कहा कि भारत ने परिपक्वता के साथ रूसी तेल खरीद का फैसला लिया। कई यूरोपीय देश और तुर्की भी रूस से ज्यादा खरीद कर रहे हैं। इसलिए अमेरिका को यह समझना चाहिए कि भारत ने वैश्विक हित में कदम उठाया है।
दरअसल, ट्रम्प ने पहले भारत और रूस को चीन के पाले में खोने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद मोदी को अपना दोस्त बताते हुए रिश्ते रीसेट करने की बात कही। इस पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर ट्रम्प की भावनाओं की सराहना की और भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बताया।





