रायपुर में नाबालिग से अनैतिक कृत्य कर हत्या, लाश झाड़ियों में मिली

रायपुर। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में 14 साल के नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गणेश देखने निकले नाबालिग के साथ पहले अप्राकृतिक कृत्य किया गया, फिर राज खुलने के डर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने लाश को तालाब किनारे झाड़ियों के बीच कीचड़ में छिपा दिया। करीब 11 दिन बाद आसपास बदबू आने पर लोगों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
गुमशुदगी से हत्या तक
26 अगस्त को नाबालिग के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा रात 10 बजे गणेश देखने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। 6 सितंबर को ग्राम कोटा के बड़े तालाब किनारे झाड़ियों में उसकी लाश मिली। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमॉर्टम से खुला राज
पीएम रिपोर्ट में अप्राकृतिक यौन शोषण और गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि नाबालिग को आखिरी बार विजय धीरज (24) के साथ देखा गया था। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर विजय ने जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि नाबालिग सबको राज बता देने की बात कर रहा था। इसी डर से उसने अपने साथियों कुलदीप बंजारे (22) और एक नाबालिग आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी गिरफ्तार
तीनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने हत्या, अनैतिक कृत्य और पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।





