पाकिस्तान में कौड़ी के भाव बिक रही मंत्रियों की प्राइवेसी, 150 में लोकेशन और 600 में फोन टैप

पाकिस्तान में मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों की डिजिटल प्राइवेसी पर बड़ा खुलासा हुआ है। नई रिपोर्ट के मुताबिक उनकी फोन लोकेशन और रिकॉर्डिंग बेहद सस्ते दामों में बेची जा रही हैं। फोन की लोकेशन 500 पाकिस्तानी रुपए यानी करीब 155 भारतीय रुपए में और कॉल रिकॉर्डिंग 2000 पाकिस्तानी रुपए यानी लगभग 600 भारतीय रुपए में मिल रही है।
विदेश यात्रा के दौरान भी मंत्रियों और नेताओं के फोन आसानी से टैप किए जा रहे हैं, जिसके लिए करीब 3000 पाकिस्तानी रुपए यानी 1000 भारतीय रुपए वसूले जा रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अब तक 10 हजार से ज्यादा प्रभावशाली लोगों के फोन रिकॉर्ड किए जा चुके हैं।
इसमें चार स्तर पर डेटा लीक हो रहा है—सिम कार्ड खरीदते ही नागरिकों का डेटा संदिग्ध वेबसाइटों के जरिए हैकर्स के कंट्रोल में चला जाता है, लोकेशन लगातार ट्रैक की जाती है, पहचान पत्र के जरिए लिए गए सिम प्रूफ बेचे जा रहे हैं और कॉल टैप करके डेटा भी आसानी से बेचा जा रहा है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून और मिनट मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ वेबसाइट्स के जरिए यह लीकिंग हो रही है।
खुफिया एजेंसियों ने 2023 में ही सरकार को अलर्ट किया था, लेकिन एक्शन नहीं लिया गया। अब पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसीन नकवी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जांच की घोषणा की है। नकवी ने कहा कि 14 सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो रिपोर्ट सौंपेगी और उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।





