3 महीने बाद भी 46 नए डीएसपी की पोस्टिंग अटकी, अफसर इंतज़ार में

रायपुर। प्रदेश के 46 टीआई को जून के आखिर में डीएसपी बनाया गया था। इनमें 21 पुरुष और 25 महिला अधिकारी शामिल हैं। प्रमोशन के बाद सभी को बस्तर भेजकर 45 दिन की ट्रेनिंग कराई गई थी।
ट्रेनिंग पूरी होने के बावजूद अब तक किसी की भी पोस्टिंग नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि गृह विभाग ने पोस्टिंग का प्रस्ताव तैयार कर लिया है, लेकिन आदेश अलग-अलग कारणों से अटक गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि पोस्टिंग को लेकर मंत्रियों और विधायकों की सिफारिशें भी आई हैं। साथ ही कुछ शिकायतें भी सामने आई हैं, जिसकी वजह से मामला टल रहा है। अफसर अब आदेश का इंतज़ार कर रहे हैं।
गृहमंत्री विजय शर्मा से इस बारे में बात करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।





