नॉर्थ कोरिया में अमेरिका का फेल सीक्रेट मिशन, 3 नागरिकों की मौत का खुलासा

न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है कि अमेरिकी नेवी सील्स ने 2019 में नॉर्थ कोरिया में एक सीक्रेट मिशन चलाया था, जो पूरी तरह नाकाम हो गया। इस ऑपरेशन में गलती से तीन नॉर्थ कोरियाई नागरिकों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, मिशन का मकसद नॉर्थ कोरिया में एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस इंस्टॉल करना था ताकि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां किम जोंग उन के कम्युनिकेशन को ट्रैक कर सकें।
यह मिशन इतना जोखिम भरा था कि इसके लिए सीधे राष्ट्रपति की मंजूरी जरूरी थी, लेकिन ट्रंप ने इससे अनभिज्ञता जताई। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता और वे यह पहली बार सुन रहे हैं। बताया गया कि महीनों तैयारी के बाद सील कमांडोज पनडुब्बी से नॉर्थ कोरिया के जलक्षेत्र में दाखिल हुए और मिनी-पनडुब्बियों के जरिए तट तक पहुंचे। लेकिन वहां उन्हें एक नाव दिखाई दी, जिसमें सवार लोग सी-फूड और शेलफिश के लिए गोता लगा रहे थे। संदेह होने पर कमांडोज ने गोलीबारी कर दी और तीन लोगों की मौत हो गई। बाद में शवों को डुबो दिया गया और मिशन रोक दिया गया।
यह ऑपरेशन ट्रंप और किम जोंग उन की परमाणु वार्ता के दौरान हुआ था। हालांकि नॉर्थ कोरिया ने इस घटना को कभी सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया, लेकिन उस इलाके में सैन्य गतिविधियां जरूर बढ़ गईं। व्हाइट हाउस और पेंटागन ने इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की। एक्सपर्ट्स का मानना है कि मिशन की जानकारी कांग्रेस को न देना संघीय कानून का उल्लंघन हो सकता है।





