देशभर में गणेश विसर्जन: मुंबई में AI से भीड़ कंट्रोल, हैदराबाद में 2 लाख मूर्तियां विसर्जित होंगी

मुंबई। अनंत चतुर्दशी पर आज देशभर में गणेश उत्सव का समापन हो रहा है। भगवान गणेश की मूर्तियों का धूमधाम से विसर्जन किया जाएगा। सबसे बड़ा आयोजन मुंबई और हैदराबाद में देखने को मिलेगा।
मुंबई में करीब 1.80 लाख गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा, जिसमें 6,500 सार्वजनिक पंडाल और 1.75 लाख घरेलू मूर्तियां शामिल हैं। मूर्तियों को समुद्र तटों, जलाशयों और 205 कृत्रिम झीलों में विसर्जित किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 21,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
इस बार पहली बार पुलिस भीड़ और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर रही है। गिरगांव चौपाटी पर AI-आधारित कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां जुलूस की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। सुरक्षा और सुविधा के लिए 1,175 स्टील प्लेटें तटों पर बिछाई गई हैं, ताकि वाहन रेत में न फंसें। बड़ी मूर्तियों के विसर्जन में मदद के लिए 50 जर्मन राफ्ट उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही 245 कंट्रोल रूम, 42 क्रेन, 2,178 लाइफगार्ड और 56 मोटरबोट भी तैनात हैं।
हैदराबाद में भी भव्य तैयारी की गई है। यहां हुसैन सागर लेक सहित कई जगहों पर दो लाख से ज्यादा गणेश मूर्तियों का विसर्जन होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 50 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने बताया कि यह प्रक्रिया करीब 40 घंटे तक चलेगी। देशभर में गणेश विसर्जन का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भक्त ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ बप्पा को विदाई दे रहे हैं।





