रायपुर के बेबीलॉन टावर में भीषण आग, थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने 48 लोगों की जान बचाई

रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड चौक स्थित बेबीलॉन टावर में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। रात करीब 9 बजे चौथे और आठवें माले से उठी लपटों ने पूरे कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी मचा दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि ग्राउंड फ्लोर पर लिफ्ट के पास बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी चिंगारी से लकड़ी के प्लाई में आग लग गई और देखते ही देखते यह दुकानों तक फैल गई।

आग पर काबू पाने के लिए 20 दमकल गाड़ियाँ लगानी पड़ीं। दुकानों के शटर गैस कटर से काटकर दमकलकर्मी अंदर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद रात 1 बजे आग बुझाई गई। लेकिन कुछ देर बाद आग फिर भड़क उठी, जिसे सुबह 6:30 बजे तक पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका।

इस दौरान थाना तेलीबांधा प्रभारी नरेंद्र मिश्रा और उनकी टीम ने साहस का परिचय देते हुए धुएँ और लपटों के बीच से 48 लोगों की जान बचाई। इनमें 8 लोग लिफ्ट में फंसे हुए थे। मौके पर रायपुर कलेक्टर, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पूरी रात हालात पर नजर रखते रहे।

आज 3 सितंबर को कलेक्टर और एसएसपी ने थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा सहित उनकी टीम के जवानों को शाल, बुके और “मेरा भारत, अमर भारत” पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया। प्रशासन ने उनके साहस की सराहना की।

यह हादसा शहर की ऊँची इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। शॉर्ट सर्किट जैसी लापरवाहियाँ आखिर कब तक लोगों की जान को खतरे में डालती रहेंगी, अब यह जांच का विषय है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button