नासिक में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6,000 से ज्यादा जिलेटिन स्टिक और 2,200 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर जब्त किए हैं। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह कार्रवाई सोमवार को सरुल शिवर गांव में खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 6,125 जिलेटिन स्टिक से भरे 49 बॉक्स, 2,200 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 150 मीटर DF वायर बरामद किया। बरामद सामग्री की कीमत करीब 95,750 रुपये आंकी गई है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जिलेटिन स्टिक (अमोनियम नाइट्रेट मिश्रण) और डेटोनेटर अपने घरों और घरों के पीछे बने टिन शेड्स में लापरवाही से रखा हुआ था। इससे बड़े स्तर पर विस्फोट और जान-माल के नुकसान का खतरा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरख बाजीराव धागे (34), विकास नवले, ओंकार कैलास नवले (23), दीपक दशरथ क्षीरसागर (32) और गौरव मोहन नवले (32) समेत अन्य दो लोगों के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि बरामद विस्फोटक का अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में उपयोग किया जा सकता था। इस कार्रवाई ने संभावित बड़ी घटना को टाल दिया है।





