रायपुर : पदोन्नति का कोटा घटाने पर भड़के पत्रोपाधि अभियंता , आज करेंगे प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनी के फैसले से पत्रोपाधि अभियंता नाराज़ हो गए हैं। कंपनी ने कनिष्ठ से सहायक अभियंता पद पर होने वाली विभागीय पदोन्नति का कोटा 70% से घटाकर 40% कर दिया है। इसके खिलाफ अभियंता 2 सितंबर को कंपनी मुख्यालय के सामने शाम 5 बजे प्रदर्शन करेंगे।
नई व्यवस्था के मुताबिक, विभागीय पदोन्नति का कोटा 40% कर दिया गया है, जबकि विभागीय सीधी भर्ती का कोटा 10% पहले जैसा ही रहेगा। वहीं खुली सीधी भर्ती का कोटा 20% से बढ़ाकर 50% कर दिया गया है। अब यह नियम वितरण कंपनी में भी लागू करने की तैयारी है।
पत्रोपाधि अभियंता संघ ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। संघ का कहना है कि अधिकांश कनिष्ठ अभियंता पहले से ही सहायक अभियंता का उच्च वेतनमान पा रहे हैं, इसलिए तत्काल पदोन्नति से कंपनी पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। इसके विपरीत, नई भर्ती से वेतन और भत्तों का अतिरिक्त बोझ आएगा।
संघ ने यह भी कहा कि खुली भर्ती का कोटा बढ़ाने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर घटेंगे और अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को अधिक मौके मिलेंगे। इसी वजह से अभियंताओं ने कोटा पूर्ववत रखने की मांग करते हुए आंदोलन का ऐलान किया है।





