छत्तीसगढ़ में इस साल 109 प्रतिशत बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल सितंबर में 109 फीसदी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है। औसतन सितंबर में 235 मिमी बारिश होती है, ऐसे में संभावना है कि मानसून का कोटा पूरा हो जाएगा। अभी मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं और पहले सप्ताह से ही अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं।
पिछले एक दशक का रिकार्ड बताता है कि सितंबर में अक्सर औसत के आसपास या उससे अधिक बारिश हुई है। रायपुर में पांच बार 200 मिमी से ज्यादा, तीन बार 300 मिमी से ऊपर और एक बार 400 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। जुलाई और अगस्त में प्रदेशभर में अच्छी बारिश के बाद सितंबर में भी मौसम का यही ट्रेंड रहने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति बारिश के लिए हमेशा अनुकूल रही है। बंगाल की खाड़ी से आने वाला मानसून यहां पहुंचकर पूरे देश में फैलता है और लौटते समय भी यहां पर्याप्त बारिश कराता है। आमतौर पर प्रदेश से मानसून की विदाई 15 अक्टूबर के बाद होती है। सितंबर के दूसरे पखवाड़े में अधिक बारिश का ट्रेंड इस साल भी दोहराए जाने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर में औसतन 9.6 दिन बारिश, 83 से 74% आर्द्रता, और 3.8 दिन मेघ-गर्जना होती है। अधिकतम तापमान औसतन 31.6 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री रहता है। वहीं, हवा की रफ्तार औसतन 5.4 किमी प्रति घंटा दर्ज की जाती है।





