सितंबर में वायुसेना को मिलेंगे 2 तेजस मार्क-1ए, सरकार खरीदेगी 97 नए फाइटर जेट

दिल्ली। भारतीय वायुसेना को सितंबर में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) दो तेजस मार्क-1ए लड़ाकू विमान सौंप सकती है। रक्षा सचिव आर.के. सिंह ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। यह विमान तेजस का एडवांस वर्जन है, जिसमें अपग्रेडेड एवियॉनिक्स, आधुनिक रडार सिस्टम और हथियारों के इंटीग्रेशन की क्षमता है।
फिलहाल वायुसेना में 38 तेजस शामिल हैं। सरकार अब HAL से 97 और तेजस खरीदने का नया करार करने जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 67 हजार करोड़ रुपए होगी। इससे पहले फरवरी 2021 में 83 तेजस मार्क-1ए के लिए 48 हजार करोड़ का समझौता किया गया था। HAL के पास 2028 तक इनकी डिलीवरी करने का समय है। कंपनी का कहना है कि इंजन डिलीवरी में देरी और तकनीकी खामियों के चलते प्रोजेक्ट में रुकावट आई थी, जिसे अब दूर कर लिया गया है।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, नए प्रोजेक्ट से वायुसेना अपने मिग-21 लड़ाकू विमानों को रिप्लेस कर पाएगी, जो 62 साल सेवा देने के बाद 19 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। तेजस मार्क-1ए को मेक-इन-इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके 65% से अधिक उपकरण भारत में बने हैं। इस हल्के, सिंगल इंजन लड़ाकू विमान को पाकिस्तान बॉर्डर के पास राजस्थान के नाल एयरबेस पर तैनात करने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 25 नवंबर 2022 को बेंगलुरु में तेजस विमान में उड़ान भर चुके हैं, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली फाइटर जेट उड़ान थी।





