रिलायंस इंडस्ट्रीज की 48वीं AGM आज, मुकेश अंबानी कर सकते हैं बड़े ऐलान

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 48वीं सालाना आम बैठक आज आयोजित की जा रही है। इस साल भी AGM की शुरुआत चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी के भाषण से होगी। अपने भाषण में मुकेश अंबानी कंपनी की वित्तीय परफॉर्मेंस, रणनीतिक दिशा और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाल सकते हैं।
इस बैठक का आयोजन दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो-वीज़ुअल माध्यमों से किया जाएगा। घर बैठे AGM देखने के लिए रिलायंस के ऑफिशियल पोर्टल jioevents.jio.com और यूट्यूब चैनल Reliance Updates पर लाइव स्ट्रीम उपलब्ध है। 2 बजे के बाद वीडियो में प्ले बटन दबाकर लोग सीधे इस इवेंट को लाइव देख सकते हैं।
इस AGM में कई बड़े ऐलान की उम्मीद की जा रही है। इनमें Jio IPO, FMCG क्षेत्र में कंपनी की रणनीति, आरआईएल ग्रुप के नए प्रोजेक्ट्स और जियो के 5G एवं 6G इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी शामिल हो सकती है। इसके अलावा कंपनी अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रोजेक्ट JioBrain के बारे में भी अपडेट दे सकती है।
हाल ही में मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी चर्चा रही है कि Jio भारत में iPhone उपयोगकर्ताओं के लिए रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज (RCS) मैसेजिंग शुरू करने के लिए एप्पल के साथ साझेदारी कर सकता है। इस AGM में इस पहल के बारे में भी घोषणा होने की संभावना है।
रिलायंस समूह ने इस साल पहले ही कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं, जैसे कि Jio Cinema और Disney Plus Hotstar का एकीकरण और अब इसे JioHotStar के नाम से पेश किया गया है। AGM के दौरान कंपनी के भविष्य की योजनाओं और नए इनोवेशन पर भी चर्चा हो सकती है।
मुकेश अंबानी का यह भाषण निवेशकों, शेयरधारकों और उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसमें कंपनी की वित्तीय स्थिति, विस्तार योजनाओं और रणनीतिक फैसलों की जानकारी साझा की जाती है। हर साल की तरह इस साल भी AGM के बाद कंपनी से जुड़े कई बड़े ऐलान होने की उम्मीद है, जो निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे।
इस साल AGM में निवेशकों की निगाहें Jio IPO, नई टेक्नोलॉजी और कंपनी की भविष्य की दिशा पर टिकी रहेंगी। मुकेश अंबानी के भाषण के जरिए निवेशक कंपनी की रणनीति और आगामी प्रोजेक्ट्स की संभावनाओं को समझ पाएंगे।





