नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में लगातार तीसरा सिल्वर जीता

दिल्ली। ज्यूरिख में आयोजित डायमंड लीग फाइनल 2025 में भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 85.01 मीटर का थ्रो कर सिल्वर मेडल जीता। यह उनका लगातार तीसरा सिल्वर मेडल है। नीरज ने पहले प्रयास में 84.35 मीटर और दूसरे में 82 मीटर फेंका, जबकि बीच के तीन थ्रो फाउल रहे। अंतिम प्रयास में उन्होंने दमदार 85.01 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.51 मीटर का शानदार थ्रो कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट ने 84.95 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। नीरज इस स्टेडियम में 2022 में चैंपियन रह चुके हैं, लेकिन 2023, 2024 और अब 2025 में उन्हें उपविजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा।
मौजूदा सीजन में नीरज ने कुल 7 प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें से 4 बार उन्होंने जीत हासिल की और तीन बार दूसरे स्थान पर रहे। मई में दोहा डायमंड लीग में उन्होंने अपने करियर का बेस्ट थ्रो 90.23 मीटर दर्ज किया था, जो उनका पहला 90 मीटर से ज्यादा का थ्रो था। हालांकि उस मुकाबले में वे दूसरे स्थान पर रहे, जबकि वेबर ने 91.06 मीटर फेंककर गोल्ड जीता। जून में पेरिस डायमंड लीग में नीरज ने 88.16 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड जीता था। वहां उन्होंने पहले ही प्रयास में बढ़त बना ली थी। इस प्रतियोगिता में वेबर 87.88 मीटर के साथ दूसरे और ब्राजील के मौरिसियो सिल्वा 86.62 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।





