छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर सियोल में सीएम विष्णुदेव साय की बड़ी पहल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सियोल (दक्षिण कोरिया) में एशिया के सबसे बड़े व्यापार संगठन कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन (KITA) के चेयरमैन जिन सिक युन और वाइस प्रेसिडेंट किम की ह्यून से मुलाकात की। 77 हजार से ज्यादा सदस्यों वाला यह संगठन एशिया का अग्रणी व्यापारिक मंच माना जाता है।
बैठक में सीएम साय ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024–30, प्राकृतिक संसाधनों और कुशल युवाओं की ताकत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने निवेश, तकनीकी सहयोग और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और कोरिया के रिश्ते सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव भी है। इस सहयोग से प्रदेश में नए निवेश आएंगे, तकनीकी हस्तांतरण होगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
KITA के चेयरमैन और वाइस प्रेसिडेंट ने भी छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोरियाई कंपनियाँ छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर जल्द ठोस कदम उठाएँगी।
सीएम साय ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश से हजारों रोजगार के अवसर बनेंगे। किसानों, श्रमिकों और स्थानीय उद्यमियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मेहनती और कुशल युवा कोरियाई कंपनियों के साथ जुड़कर स्किलिंग और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर पाएंगे, जिससे प्रदेश की मानव संसाधन क्षमता और मजबूत होगी। यह साझेदारी आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।





