निक्की हत्याकांड: आखिरी बयान से पति विपिन को मिलेगी राहत?

ग्रेटर नोएडा का निक्की हत्याकांड सात दिन बाद भी रहस्य बना हुआ है। इस मामले में पति विपिन भाटी, सास-ससुर और देवर न्यायिक हिरासत में हैं। निक्की का परिवार इसे हत्या बता रहा है, जबकि विपिन के गांव वाले इसे आत्महत्या का मामला कह रहे हैं।
अब इस केस में निक्की का आखिरी बयान सामने आया है, जिससे विपिन को राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल, 21 अगस्त की शाम अस्पताल पहुंचने पर निक्की ने कहा था कि घर पर सिलेंडर फटने से आग लगी और वह झुलस गई। अस्पताल की मेमो कॉपी में भी यही दर्ज है, जिसे पुलिस को सौंपा गया। हालांकि, पुलिस की जांच में घर पर सिलेंडर फटने की कोई घटना नहीं मिली, सिर्फ थिनर बरामद हुआ।
कानून के अनुसार मृतक का अंतिम बयान साक्ष्य माना जाता है, जिसे मृत्युकालिक घोषणा कहा जाता है। अदालत तभी इसे स्वीकार करती है जब यह स्पष्ट हो कि बयान सच और स्वेच्छा से दिया गया था। यही कारण है कि यह बयान अब मामले की दिशा बदल सकता है।
वहीं, निक्की की बहन और बेटे का आरोप है कि निक्की को जलाया गया। उनका कहना है कि पहले उस पर कुछ डाला गया और फिर लाइटर से आग लगाई गई। दूसरी तरफ, विपिन का समर्थन कर रहे पड़ोसी कहते हैं कि निक्की ने खुद आग लगाई थी और परिवार को झूठा ठहराते हैं। पड़ोसियों का दावा है कि घटना के वक्त विपिन घर के नीचे खड़ा था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी है।
मामले में विरोधाभासी बयान और सबूतों के चलते पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि अदालत निक्की के आखिरी शब्दों को कितना महत्व देती है और क्या इससे विपिन व उसके परिवार को राहत मिल पाती है।





