दिल्ली मेट्रो का सफर हुआ महंगा, बढ़े किराए से यात्रियों की जेब पर असर

दिल्ली मेट्रो में सफर करना अब पहले से महंगा हो गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने किराए में बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जो आज से लागू हो गई है. मेट्रो किराए में न्यूनतम 1 रुपये से लेकर अधिकतम 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के यात्रियों पर पड़ेगा, जहां टिकट की कीमत 5 रुपये तक बढ़ गई है.
डीएमआरसी ने जानकारी दी कि यह बढ़ोतरी ‘मिनिमल इंक्रीज’ के तौर पर की गई है और इसे यात्रा की दूरी के आधार पर लागू किया गया है. सामान्य दिनों में 0 से 2 किलोमीटर की यात्रा का किराया 10 रुपये से बढ़कर अब 11 रुपये हो गया है. 2 से 5 किलोमीटर की दूरी पर 1 रुपये का इजाफा किया गया है. वहीं, 5 से 12 किलोमीटर की यात्रा का किराया 30 रुपये से बढ़कर 32 रुपये हो गया है.
12 से 21 किलोमीटर की यात्रा के लिए अब 40 की जगह 43 रुपये देने होंगे. 21 से 32 किलोमीटर का किराया 54 रुपये तय किया गया है, जबकि 32 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए यात्रियों को अब 64 रुपये देने होंगे. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर किराया 1 रुपये से 5 रुपये तक बढ़ा है.
इसके साथ ही संडे और हॉलिडे पर लगने वाले किराए में भी संशोधन किया गया है. अब अधिकतम किराया 54 रुपये तय किया गया है. डीएमआरसी का कहना है कि किराए में यह बढ़ोतरी मेट्रो सेवाओं की सुचारु व्यवस्था, मेंटेनेंस और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए की गई है.
यात्रियों का कहना है कि महंगाई के इस दौर में मेट्रो किराए का बढ़ना उनकी जेब पर सीधा बोझ डालेगा. कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किराया बढ़ोतरी के बाद मेट्रो सफर पहले जितना किफायती नहीं रहा. हालांकि, कुछ यात्रियों का मानना है कि अगर सेवाओं में सुधार होगा तो किराए का बढ़ना जायज है.





