नवरात्रि पर पांच फेरों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, छत्तीसगढ़ समेत ओडिशा-महाराष्ट्र के यात्रियों को मिलेगी राहत

बिलासपुर। नवरात्रि के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्गा पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। बिलासपुर जोन से चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के यात्रियों को सुविधा देगी। ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) और शालीमार के बीच पांच फेरों के लिए चलेगी।
रेल प्रशासन ने बताया कि ट्रेन नंबर 08865 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-शालीमार पूजा स्पेशल ट्रेन 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी, जबकि ट्रेन नंबर 08866 शालीमार-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी। फेस्टिवल सीजन में यात्रियों की डिमांड बढ़ने के कारण कंफर्म बर्थ कम और वेटिंग अधिक हो गई है। विशेषकर ओडिशा और महाराष्ट्र जाने वाली रूट पर यात्रियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।
इस पूजा स्पेशल ट्रेन में 18 कोच होंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 5 सामान्य, 8 स्लीपर, 2 एसी-3 और 1 एसी-2 शामिल है। ट्रेन 27 सितंबर को शाम 5.10 बजे इतवारी से रवाना होकर गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा होते हुए रात 12.45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद शालीमार के लिए रवाना होगी और वापसी में 28 सितंबर को दोपहर 3.35 बजे शालीमार से चलकर अगले दिन शाम 6 बजे इतवारी पहुंचेगी।
इसी बीच 23 से 27 अगस्त तक छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली 24 ट्रेनें कैंसिल रहेंगी। दो ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी और तीन ट्रेनों को आधे रास्ते पर ही रोककर वापस भेजा जाएगा। रेलवे के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना और विद्युतीकरण का काम चल रहा है।
इस वजह से हावड़ा-पुणे दूरंतो एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसे ट्रेनें बदले रूट से चलेंगी। यात्रियों को रेलवे ने निर्देश दिए हैं कि वे यात्रा से पहले अपने टिकट और ट्रेन शेड्यूल की जानकारी जरूर लें।





