सीरियाई नागरिक गिरफ्तार, लग्जरी लाइफ के लिए गाजा पीड़ितों के नाम पर जुटाते थे फंड

दिल्ली। अहमदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एलिसब्रिज स्थित एक होटल से सीरियाई नागरिक अली मेघात अल-अजहर (23) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 3600 अमेरिकी डॉलर, 25 हजार रुपए कैश और मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक अली और उसके तीन साथी गाजा पीड़ितों के नाम पर मस्जिदों और अन्य जगहों से फंड जुटाकर लग्जरी लाइफ जी रहे थे। तीन आरोपी फरार हैं, जिनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
अली के शरीर पर गोलियों और चोटों के निशान पाए गए हैं। उसके मोबाइल में गाजा की त्रासदी से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। पुलिस का संदेह है कि यह गिरोह अहमदाबाद में किसी खास मकसद से रेकी कर रहा था। सभी आरोपी दमिश्क से अबू धाबी होते हुए 22 जुलाई को कोलकाता और 2 अगस्त को अहमदाबाद पहुंचे थे। वे केवल अरबी भाषा में बात करते थे।
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि यह ग्रुप मस्जिदों से कैश और ऑनलाइन दोनों तरीकों से फंड जुटा रहा था। हालांकि, गाजा को पैसे भेजे जाने का कोई सबूत नहीं मिला। गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वे चंदे के नाम पर धन लेकर ऐशोआराम की जिंदगी बिता रहे थे।
गुजरात एटीएस और एनआईए इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि ये लोग कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में भी थे और टूरिस्ट वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया। अली को ब्लैकलिस्ट कर डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 अगस्त को गुजरात दौरे पर आएंगे और अहमदाबाद में रोड शो करेंगे। सुरक्षा एजेंसियां इस गिरफ्तारी को देखते हुए अलर्ट हो गई हैं।





