कनाडा बोला- अमेरिकी सामानों पर से हटेंगे जवाबी टैरिफ, कार्नी का बड़ा फैसला

ओटावा। कनाडा ने घोषणा की है कि वह 1 सितंबर से ज्यादातर अमेरिकी उत्पादों पर से जवाबी टैरिफ हटा लेगा। हालांकि स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल पर पहले जैसे शुल्क जारी रहेंगे। यह निर्णय प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई फोन वार्ता के बाद सामने आया। दोनों नेताओं की बातचीत के बाद कार्नी ने कहा कि इस कदम से कनाडा-अमेरिका व्यापार वार्ता में तेजी आने की उम्मीद है।
यह फैसला अमेरिका-मैक्सिको-कनाडा समझौते (USMCA) के तहत लिया गया है। 2020 में लागू हुआ यह समझौता पुराने NAFTA की जगह लाया गया था और इसका उद्देश्य तीनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करना है। कार्नी ने कहा कि इस समझौते की बदौलत कनाडा-अमेरिका के बीच होने वाले 85% से ज्यादा व्यापार पर कोई शुल्क नहीं लगता और अमेरिकी टैरिफ का औसत स्तर 5.6% है।
गौरतलब है कि अगस्त में अमेरिका ने कनाडाई सामानों पर 35% टैरिफ लगाया था, जिसके जवाब में कनाडा ने भी कई अमेरिकी उत्पादों पर 25% शुल्क लगाया था। अब कार्नी का मानना है कि टैरिफ हटाने से आगे की वार्ताओं में सकारात्मक माहौल बनेगा। ट्रंप ने भी बातचीत को सार्थक बताते हुए कहा कि हम कनाडा के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं और मुझे कार्नी काफी पसंद हैं।
हालांकि कनाडाई PM के इस फैसले की आलोचना भी हुई है। कनाडा की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर यूनियन यूनिफोर की अध्यक्ष लाना पायने ने कहा कि जवाबी टैरिफ वापस लेना शांति प्रस्ताव नहीं बल्कि अमेरिकी आक्रामकता को बढ़ावा देगा। वहीं, कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोलीव्रे ने इसे आत्मसमर्पण करार देते हुए कहा कि कनाडा को अमेरिकी टैरिफ पूरी तरह हटवाने की कोशिश करनी चाहिए थी।
कार्नी ने साफ किया कि स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल पर टैरिफ बने रहेंगे क्योंकि इन क्षेत्रों पर बातचीत अभी बाकी है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे चलकर अमेरिका और कनाडा एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की समीक्षा भी करेंगे।





