मुंबई में भारी बारिश: 36 ट्रेनें-250 फ्लाइट्स प्रभावित, मोनोरेल ट्रैक पर अटकी; 500 यात्री सुरक्षित निकाले गए

मुंबई। मुंबई और महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार तीन दिन से तेज बारिश हो रही है। मंगलवार को मुंबई में कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने, सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि पिछले 24 घंटे में शहर में लगभग 300 मिमी बारिश हुई है।
बारिश के कारण रेल, बस और हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। सेंट्रल रेलवे ने बताया कि 36 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुईं, 14 लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द की गईं और 16 ट्रेनों का समय बदला गया। 250 से अधिक फ्लाइट देरी से उड़ रही हैं। लोकल ट्रेन सर्विस भी बाधित हुई।
मोनोरेल सर्विस पर भी असर पड़ा। मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास एक मोनोरेल ट्रैक पर अटक गई, जिसमें करीब 500 यात्री सवार थे। उन्हें क्रेन की मदद और विंडो तोड़कर सुरक्षित निकाला गया। MMRDA ने बताया कि भीड़ बढ़ने की वजह से यह समस्या हुई।
शहर के कई हिस्सों में 3-4 फीट तक पानी भर गया। कुर्ला रेलवे स्टेशन के पास गाड़ियां डूब गईं और आवाजाही मुश्किल हुई। ओशिवरा रोड पर एक व्यक्ति पानी में कुर्सी रखकर बैठ गया।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा तेलंगाना और बिहार में ऑरेंज अलर्ट और राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड समेत 18 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मुंबई सिटी, उपनगर, ठाणे, चंद्रपुर, रायगढ़ और रत्नागिरी में भी रेड अलर्ट है।
तेज बारिश के कारण महाराष्ट्र में पिछले पांच दिनों में 21 मौतें हुई हैं। राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
अन्य राज्यों में भी बाढ़ और तेज बारिश के अलर्ट जारी हैं। पंजाब, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और दिल्ली समेत कई राज्यों में नदी-नाले उफान पर हैं और लोगों को अलर्ट किया गया है। राहत-बचाव के लिए टीमों को सतर्क रखा गया है।





