महानदी में कूदने वाली शादीशुदा महिला की लाश बरामद, बुजुर्ग महिला की भी हुई पहचान

रायपुर। आरंग के पारागांव स्थित महानदी पुल से कूदने वाली शादीशुदा महिला स्वाति त्रिवेदी (27) का शव मंगलवार सुबह नदी में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। स्वाति रायपुर के संतोषी नगर की रहने वाली थी और रक्षाबंधन मनाने मायके आई हुई थी।
सोमवार सुबह आरंग पुलिस को पुल पर खड़ी एक स्कूटी और दुपट्टा मिला था, जिससे अंदेशा हुआ कि महिला ने नदी में छलांग लगाई है। इसके बाद से ही पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही थी।

थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि स्वाति की शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी ढाई महीने की बच्ची भी है। रविवार को पति और ससुराल पक्ष के लोग उससे मिलने मायके आए थे और उसी दिन लौट गए थे। अगले दिन सुबह स्वाति स्कूटी लेकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।
बुजुर्ग महिला की हुई पहचान
तलाशी के दौरान सोमवार को पुलिस को एक अन्य बुजुर्ग महिला का शव भी महानदी से मिला था। उसकी पहचान चंपा चंद्राकर (78) निवासी बेमचा, जिला महासमुंद के रूप में हुई। चंपा 15 अगस्त को घर से बिना बताए निकली थीं।
परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई और जल्द ही शव सौंप दिया जाएगा। पुलिस दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं से इलाके में सनसनी का माहौल है।





