धान की पढ़ाई के लिए उज्बेकिस्तान से छात्र पहुंचेंगे छत्तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान की कितनी प्रजातियां हैं, उन्हें तैयार होने में कितना समय लगता है और वे किस वातावरण के लिए अनुकूल हैं – इन सबकी जानकारी लेने उज्बेकिस्तान के छात्र 20 अगस्त को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।
यह प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) का दौरा करेगा। यहां वे धान की विभिन्न प्रजातियों पर चल रहे शोध और पढ़ाई की प्रक्रिया को समझेंगे।
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और रिसर्च सहयोग को बढ़ावा देने के लिए यह यात्रा स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत हो रही है। यह उज्बेक छात्रों का पहला दल है जो छत्तीसगढ़ आ रहा है।
इस दौरान आईसीएआर (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) का प्रतिनिधिमंडल भी साथ होगा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करेगा।
21 अगस्त को आईजीकेवी में उज्बेक छात्रों की विशेषज्ञों के साथ ब्रेन स्टॉर्मिंग और इंट्रैक्शन सेशन रखा गया है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने खास कार्यक्रम तैयार किया है।





