“लड़कियों पर दिए बयानों को तोड़ा-मरोड़ा गया” – अनिरुद्धाचार्य

मथुरा:वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज हाल के दिनों में अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में हैं। उन्होंने लड़कियों के चरित्र और शादी की उम्र पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद महिला संगठनों ने देशभर में विरोध किया। अब TV9 भारतवर्ष को दिए एक साक्षात्कार में अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि उनके बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया।
साक्षात्कार में जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने केवल लड़कियों के चरित्र पर सवाल क्यों उठाए, तो उन्होंने अपना वीडियो दिखाते हुए कहा कि उन्होंने लड़का और लड़की दोनों के लिए ही बात कही थी। उनका कहना था कि “जो 10 लड़कियों के साथ लिव इन में रहा है या जो 10 लड़कों के साथ लिव इन में रह चुकी है, वह किसी एक के साथ स्थायी रूप से कैसे बंध पाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया ने उनके बयान का केवल एक हिस्सा दिखाया और विवाद खड़ा किया।
अनिरुद्धाचार्य ने आगे कहा कि “लड़की हो या लड़का, दोनों को चरित्रवान रहना चाहिए।” उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप के कानून पर भी सवाल उठाए और कहा कि जब समाज का बड़ा हिस्सा इसे स्वीकार ही नहीं करता तो ऐसे कानून की क्या जरूरत है। उनका कहना था कि भारत की परंपरा और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही इस तरह के कानून बनने चाहिए।





