राजधानी में स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली बच्चों ने बिखेरी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की चमक

रायपुर। राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। करीब 780 विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में मदर्स प्राइड स्कूल रायपुर ने पहला स्थान हासिल किया। लक्ष्मी नारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर दूसरे और सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल रायपुर तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।
मदर्स प्राइड स्कूल के 250 बच्चों ने देशभक्ति गीतों के रिमिक्स पर नृत्य करते हुए भारतीय सेना की वीरता और बलिदान को दर्शाया। प्रस्तुति में पहलगाम आतंकी हमले के बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को भी आकर्षक अंदाज में दिखाया गया।
लक्ष्मी नारायण कन्या विद्यालय के 200 बच्चों ने “हाय कहे गजरी” गीत पर राऊत नाचा और छत्तीसगढ़ी त्योहारों के लोकनृत्य पेश कर स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका को उजागर किया।
सालेम इंग्लिश स्कूल के 250 विद्यार्थियों ने “भुइंया म भाग हमर जागे रे” गीत पर छत्तीसगढ़ के विविध लोकनृत्य और प्राकृतिक सौंदर्य को मंच पर जीवंत किया। बच्चों ने कर्मा नृत्य को भी बेहद सुंदर भाव-भंगिमा के साथ प्रस्तुत किया।
पूरा कार्यक्रम देशभक्ति और छत्तीसगढ़ी रंग में सराबोर रहा।





