नवा रायपुर में अवैध मुरूम खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। नवा रायपुर में करोड़ों की जमीन पर हो रहे अवैध मुरूम खनन का खुलासा हुआ है। गुरुवार (7 अगस्त) की रात मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित सत्य साईं अस्पताल के पीछे पुलिस ने रेड मारकर मौके से भारी मात्रा में मशीने और वाहन जब्त किए। कार्रवाई में दर्जनभर पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस छापे के दौरान JCB और ट्रक में मुरूम लोड कर रहे ड्राइवर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। मौके से 7 जेसीबी, 11 हाईवा और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। जिस जमीन पर खनन हो रहा था, वह नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) के अधीन है। यहां लंबे समय से मुरूम की अवैध खुदाई की जा रही थी।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद ASP विवेक शुक्ला के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस को 6-7 अगस्त की रात खनन की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद NRDA के डिप्टी कलेक्टर अरविंद शर्मा की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को देखते ही खनन में शामिल वाहन चालक और मजदूर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कई लोगों को पकड़ा। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
ASP विवेक शुक्ला ने बताया कि यह जमीन सरकारी है और NRDA की अनुमति के बिना यहां खनन पूरी तरह अवैध है। NRDA की औपचारिक शिकायत के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई अवैध खनन माफिया के खिलाफ पुलिस और प्रशासन के संयुक्त ऑपरेशन का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे नवा रायपुर में लंबे समय से चल रहे इस तरह के गोरखधंधे पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है।





