गरियाबंद शिक्षा में रचा नया इतिहास, दो छात्रों ने राज्य स्तर पर पाया स्थान

गरियाबंद।शैक्षणिक सत्र 2024-2025 में कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों ने गरियाबंद जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
इस साल 12वीं के परीक्षा परिणामों में जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में चौथा स्थान हासिल किया है, जो कि जिले के लिए गर्व की बात है। वहीं, कक्षा 10वीं में सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, देवभोग के छात्र भूपेश कुमार नागेश ने 98.80% अंक प्राप्त कर राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया है।
इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की मेरिट सूची में हायर सेकेंडरी स्कूल, सड़क परसुली के छात्र शैलेन्द्र कुमार शोरी ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
शिक्षा विभाग ने बताया कि हर साल विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए अलग से मेरिट लिस्ट तैयार की जाती है। इस बार भी जिले के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भूपेश और शैलेन्द्र की यह उपलब्धि ना सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।





