छत्तीसगढ़ में भाजपा चलाएगी “मोर तिरंगा मोर अभिमान” अभियान, 60 लाख घरों में फहराया जाएगा तिरंगा

रायपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ भाजपा “मोर तिरंगा मोर अभिमान” नाम से तिरंगा अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव प्रमुख रहे। इस दौरान अभियान की रणनीति और तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान के संयोजक नीलू शर्मा ने बताया कि भाजपा का लक्ष्य है कि इस बार प्रदेश के 60 लाख घरों में तिरंगा फहराया जाए। यह अभियान हाल ही में सफल हुए “ऑपरेशन सिंदूर” से प्रेरित होकर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस बार की एक खास बात यह भी है कि घरों में तिरंगा छोटे बच्चों के हाथों से फहरवाया जाएगा, जिससे उनके मन में देशभक्ति की भावना बचपन से ही मजबूत हो सके। भाजपा का मानना है कि यह अभियान प्रदेशभर में देशभक्ति और गर्व का माहौल तैयार करेगा।





