राम रहीम को फिर मिली पैरोल, 14वीं बार जेल से बाहर निकला डेरा प्रमुख

रोहतक:डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। इस बार उसे हरियाणा सरकार ने 40 दिन की पैरोल दी है। यह 14वीं बार है जब राम रहीम को जेल से बाहर आने की अनुमति मिली है। पैरोल मिलने के बाद सोमवार तड़के वह भारी पुलिस सुरक्षा में रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला और सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम के लिए रवाना हुआ।

गौरतलब है कि राम रहीम साध्वियों से बलात्कार और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है। अगस्त 2017 से वह जेल में बंद है और रोहतक की सुनारिया जेल में अपनी सजा भुगत रहा है। उसे दो मामलों में 20-20 साल की सजा सुनाई गई है।

5 अगस्त को मिली यह पैरोल 14 सितंबर को खत्म होगी। यानी अगले 40 दिन तक वह जेल से बाहर रहेगा और इस दौरान सिरसा डेरे में ही रहने की अनुमति है। जेल प्रशासन और सरकार की ओर से तय की गई शर्तों का पालन उसे करना होगा।

पिछले कुछ वर्षों में राम रहीम को कई बार पैरोल और फरलो दी जा चुकी है। 1 जनवरी 2025 से 14 सितंबर 2025 तक, केवल चार महीनों में ही वह 91 दिन जेल से बाहर रहेगा। इससे पहले 9 अप्रैल को उसे 21 दिन की फरलो पर छोड़ा गया था, जबकि फरवरी में भी उसे 30 दिन की पैरोल मिली थी।

राम रहीम हर बार किसी विशेष अवसर पर पैरोल पर बाहर आता रहा है। इस बार वह 15 अगस्त को अपना 58वां जन्मदिन बाहर रहकर मनाएगा। जन्मदिन के मौके पर डेरा में विशेष कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। इससे पहले अप्रैल में जब वह बाहर आया था तब डेरा सच्चा सौदा का स्थापना दिवस था।

राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने पर विपक्षी दल और महिला संगठनों ने सवाल उठाए हैं, लेकिन सरकार ने हर बार कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए इसे सही ठहराया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई