मुंबई एयरपोर्ट पर 15 करोड़ के गांजे के साथ यात्री गिरफ्तार, विदेश मंत्रालय का नाम लगाकर की तस्करी की कोशिश

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी यात्री को 15 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14.73 करोड़ रुपए आंकी गई है। आरोपी यात्री बैंकॉक से मुंबई पहुंचा था।

गांजा बेहद चतुराई से एक पैकेट में छिपाया गया था, जिस पर ‘विदेश मंत्रालय (ME) का राजनयिक पाउच’ लिखा हुआ था। उस पर विदेश मंत्रालय की मुहर लगी थी और उसे आधिकारिक टेप से सील किया गया था, जिससे यह सामान जांच एजेंसियों को चकमा देने के उद्देश्य से सुरक्षित और गोपनीय माल लगे। आरोपी के बैग में ‘UNODC’ (United Nations Office on Drugs and Crime) और ‘Top Secret Mission’ जैसी नकली रिपोर्ट्स भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल उसने खुद को कोई खास एजेंट या अधिकारी बताने में किया।

जांच के दौरान आरोपी ने दावा किया कि यह पैकेट राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक विशेष मिशन का हिस्सा है, लेकिन कस्टम अधिकारियों को शक हुआ और जांच में गांजा बरामद हुआ। फिलहाल आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कस्टम और नारकोटिक्स विभाग मामले की गहन जांच कर रहा है कि आरोपी के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह तो नहीं है। इस घटना ने एयरपोर्ट सुरक्षा और नकली दस्तावेजों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button