ऑपरेशन महादेव में बड़ी सफलता: पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड सुलेमानी शाह समेत तीन आतंकी ढेर

श्रीनगर:जम्मू-कश्मीर में भारतीय सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पहलगाम आतंकी हमले के मास्टरमाइंड सुलेमानी शाह समेत तीन पाकिस्तानी आतंकियों को श्रीनगर के बाहरी इलाके हरवान के जंगलों में मार गिराया गया। इस अभियान को ‘ऑपरेशन महादेव’ नाम दिया गया, जो 18 जुलाई को खुफिया एजेंसियों द्वारा संदिग्ध कम्युनिकेशन इंटरसेप्ट किए जाने के बाद शुरू किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, दाचीगाम नेशनल पार्क के पास संदिग्ध सिग्नल मिलने के बाद 11 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रविवार-सोमवार की रात 2 बजे T82 नामक एन्क्रिप्टेड संचार डिवाइस के सक्रिय होने के बाद सुरक्षाबलों को आतंकियों की सटीक लोकेशन का पता चला। इसके बाद सोमवार सुबह 11:30 बजे 24 राष्ट्रीय राइफल्स और 4 पैरा कमांडो की टीम ने लिडवास के घने जंगलों में आतंकियों को घेर लिया।
मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य सुलेमानी शाह भी शामिल था, जिस पर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड होने का शक था। उस हमले में 25 पर्यटकों और एक टट्टू संचालक की मौत हुई थी। एनआईए पहले से ही सुलेमानी की तलाश कर रही थी।
सुरक्षा बलों को मुठभेड़ के स्थान से एक M4 कार्बाइन, दो AK-47 राइफलें, ग्रेनेड, भारी गोला-बारूद और राशन सामग्री भी बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों को पनाह देने के मामले में परवेज अहमद जोथर और बशीर अहमद जोथर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों को एनआईए ने पहले ही गिरफ्तार किया है।
इस ऑपरेशन को सुरक्षा एजेंसियों की बेहतरीन रणनीति और निगरानी का नतीजा माना जा रहा है। इससे घाटी में आतंकी गतिविधियों पर कड़ा प्रहार हुआ है और पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय की दिशा में अहम कदम बढ़ा है।





