मोदी ने रचा इतिहास: सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे नेता बने

नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय राजनीति के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर लगातार 4,078 दिन पूरे कर लिए हैं, जिसके साथ ही वह देश की सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाली नेता इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ चुके हैं। इंदिरा गांधी ने 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक 4,077 दिनों तक यह पद संभाला था।

प्रधानमंत्री मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं। पहले स्थान पर अब भी पंडित जवाहरलाल नेहरू हैं, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक कुल 6,130 दिन सेवा दी थी। हालांकि मोदी ने भी नेहरू की तरह लगातार तीन बार लोकसभा चुनावों में पार्टी को जीत दिलाकर उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

गुजरात में जन्मे नरेंद्र मोदी 2001 से 2014 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। इसके बाद 2019 और 2024 में भी उन्होंने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। वह दो पूर्ण कार्यकाल पूरे करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं और अब अपने तीसरे कार्यकाल में हैं।

मोदी की यह उपलब्धि इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि वह भारत के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने छह बड़े चुनावों (तीन गुजरात विधानसभा और तीन आम चुनाव) में लगातार जीत दर्ज की है। इस सफलता के साथ वह भारत के सबसे स्थिर और प्रभावशाली प्रधानमंत्रियों में शुमार हो चुके हैं।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि नरेंद्र मोदी की मजबूत नेतृत्व शैली, निर्णायक फैसले लेने की क्षमता और जन समर्थन ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई है। यह मील का पत्थर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई