संसद मानसून सत्र का पांचवां दिन: राष्ट्रपति शासन बढ़ाने और वोटर लिस्ट पर हंगामे के आसार

दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का आज पांचवां दिन है और माहौल पहले से ही गर्म नजर आ रहा है। बिहार वोटर वेरिफिकेशन मामले को लेकर विपक्ष के विरोध के कारण आज भी हंगामे की संभावना है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में मणिपुर में राष्ट्रपति शासन को छह महीने और बढ़ाने का प्रस्ताव पेश करेंगे। मणिपुर में पहले से ही राष्ट्रपति शासन लागू है और उसकी अवधि समाप्त होने वाली है।
गुरुवार को संसद के भीतर और बाहर जोरदार हंगामा देखने को मिला। लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने पोस्टर लहराते हुए नारेबाजी की, जिससे कार्यवाही केवल 12 मिनट ही चल सकी। मकर द्वार पर तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन हुआ जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल रहीं। प्रियंका गांधी ने ‘लोकतंत्र खतरे में है’ लिखा पोस्टर दिखाया।
सरकार ने गुरुवार शाम को मणिपुर राष्ट्रपति शासन बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी किया। वहीं, राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट विवाद पर मीडिया से कहा कि कर्नाटक में हजारों बोगस वोटरों के नाम जोड़े गए हैं। सपा सांसद प्रिया सरोज समेत कई महिला सांसदों ने भी संसद परिसर में नारेबाजी की। मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा, जिसमें कुल 18 बैठकें और 15 से ज्यादा विधेयकों पर चर्चा प्रस्तावित है। इनमें इनकम टैक्स बिल, मणिपुर GST संशोधन बिल और नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल शामिल हैं।





