रायपुर में पत्थर खदान में मिली बोरी में बंद लाश, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में एक पत्थर खदान के पानी में तैरती हुई बोरी से एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद हुई है। बोरी से बाहर निकला एक पैर देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की है, जब बेंद्री गांव के पास स्थित एक पुरानी पत्थर खदान में बोरी के अंदर कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। जब पास जाकर देखा गया तो उसमें से इंसानी पैर बाहर निकला था। पुलिस ने तुरंत मौके को सील कर शव को बाहर निकाला।
पुलिस का कहना है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना है और सड़ने की स्थिति में है। शव को पहचानना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है।





