छत्तीसगढ़ में साइबर क्राइम के बढ़ते मामले, 15 जिलों में खुलेंगे साइबर थाने

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में पिछले एक साल में साइबर फ्रॉड के जरिए 107 करोड़ रुपए की ठगी की गई है। लगातार बढ़ रही ठगी की घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों में साइबर थाने खोलने की योजना बनाई है। इस वर्ष महासमुंद, बलौदाबाजार, धमतरी, जांजगीर-चांपा और जशपुर में नए साइबर थाने खुलेंगे। इन थानों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।

पिछले बजट में रायगढ़, कोरबा, कवर्धा और राजनांदगांव में साइबर थाने खोलने की घोषणा की गई थी। इन सभी थानों के खुलने के बाद राज्य में कुल 15 साइबर थाने हो जाएंगे। सरकार की योजना है कि आने वाले 5 वर्षों में प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक साइबर थाना स्थापित किया जाए। रायपुर में वर्तमान में कार्यरत रेंज साइबर थाना अब रायपुर जिले का नियमित साइबर थाना बन जाएगा। रायपुर रेंज में सिर्फ गरियाबंद ऐसा जिला रहेगा, जहां फिलहाल साइबर थाना नहीं खुलेगा। इसके केस रायपुर से ही देखे जाएंगे।

10 कर्मचारियों का होगा सेटअप

हर साइबर थाने में 10 कर्मचारियों का सेटअप होगा, जिसमें 1 इंस्पेक्टर, 2 सब इंस्पेक्टर, 2 हवलदार और 5 सिपाही शामिल रहेंगे। साथ ही रेंज स्तर पर डीएसपी की पोस्टिंग भी की जाएगी। हाल ही में 975 एसआई की भर्ती हुई है, जिनमें से 100 को साइबर थानों में तैनात किया जाएगा। राज्य में अब तक साइबर कैडर में केवल 3 लोगों की नियुक्ति हुई है, जिसे अब बढ़ाने की तैयारी है। एडीजी प्रदीप गुप्ता ने जानकारी दी कि नए थानों का सेटअप मंजूर हो चुका है और जल्द ही इनकी शुरुआत कर दी जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button