छत्तीसगढ़ में नकली दवाओं और कॉस्मेटिक पर बड़ी कार्रवाई, कई जगहों पर छापेमारी, लाखों का सामान जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नकली दवाओं, बिना लाइसेंस बने कॉस्मेटिक और नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सरकार ने बड़ा अभियान चलाया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूरे प्रदेश में छापेमारी की। इस दौरान 170 दुकानों और फैक्ट्रियों की जांच की गई और कई जगहों से लाखों रुपये का सामान जब्त किया गया।

रायपुर में भाटागांव की लक्ष्मी इंटरप्राइजेज में बिना लाइसेंस के बन रही फिनाइल और हैंडवॉश जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपये है। गुढ़ियारी की शोला इंडस्ट्रीज में भी बिना अनुमति बनाए जा रहे साबुन और हैंडवॉश पर कार्रवाई हुई और करीब 2 लाख का सामान जब्त हुआ।

डूमरतराई की औषधि वाटिका में जांच के दौरान नशीली दवाओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली और फर्जी पर्चियां भी पाई गईं। बिलासपुर, रायगढ़, धमतरी, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कांकेर और बेमेतरा जिलों में भी कई दुकानों और गोदामों पर कार्रवाई हुई। कुछ जगहों पर नकली कॉस्मेटिक के सैंपल लिए गए और बिक्री पर रोक लगाई गई।

अधिकारियों ने बताया कि नकली साबुन, हेयर ऑयल, शैंपू, क्रीम, पाउडर, हेयर डाई जैसे 48 कॉस्मेटिक उत्पादों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। पूरे राज्य में तैनात 78 ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने यह अभियान चलाया।

https://youtu.be/dOObfuTasJA

विभाग ने कहा है कि आम लोगों को नकली दवाओं और कॉस्मेटिक से बचाना ही उनका मकसद है और आगे भी ऐसी कार्रवाई होती रहेगी। अगर आपको कहीं नकली दवाओं, नशीली दवाओं या कॉस्मेटिक का अवैध धंधा नजर आए तो हेल्पलाइन नंबर +91-9340595097 पर जरूर सूचना दें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button