छत्तीसगढ़ में खेती जोरों पर, अब तक 75% बोनी पूरी, किसानों को मिल रहा खाद-बीज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल खरीफ की खेती तेजी से हो रही है। अब तक 36.42 लाख हेक्टेयर में धान, मक्का, कोदो, मूंग, अरहर, मूंगफली और दूसरी फसलों की बोनी हो चुकी है। यह तय लक्ष्य का करीब 75% है। इस बार सरकार ने 48.85 लाख हेक्टेयर में बोनी का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को खेती के लिए पूरी मदद दी जाए और उनकी जरूरत के मुताबिक आसानी से खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए। कृषि मंत्री रामविचार नेताम की निगरानी में कृषि विभाग लगातार इस पर नजर रख रहा है।
अब तक किसानों को 10.20 लाख मीट्रिक टन खाद और 7.22 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज बांटे जा चुके हैं। किसानों को बीज उनकी मांग से ज्यादा, यानी लक्ष्य का करीब 146% मिला है। जबकि पिछले साल 4.64 लाख क्विंटल बीज ही बांटा गया था।
सरकार ने इस साल 14.62 लाख मीट्रिक टन खाद देने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से अब तक 70% किसानों को मिल चुका है। वहीं, प्रदेश में अब तक 21 जुलाई तक 446 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पूरे साल औसतन 1238 मिमी बारिश होती है।
कुल मिलाकर, राज्य सरकार किसानों को समय पर खाद-बीज और अन्य सुविधाएं देने में जुटी है और खरीफ की खेती पूरी रफ्तार से चल रही है।





