बिलासपुर स्टेशन पर दो युवक हथियारों के साथ पकड़े गए, बड़ी अनहोनी टली

बिलासपुर: रेलवे स्टेशन की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं। शनिवार रात स्टेशन पर दो युवक भारी मात्रा में धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे। अगर समय रहते पुलिस न पहुंचती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
तारबाहर पुलिस की ACCU टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास संदिग्ध हालत में एक युवक को रोका। युवक का नाम सुमीत चौरसिया (निवासी गौरेला) बताया गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 8 इंच से ज्यादा लंबे दो बटनदार चाकू मिले। वहीं, दूसरा युवक निखिल साहू (निवासी सरकंडा) प्लेटफॉर्म की ओर आता दिखा। उसके पास से 8 धारदार फोल्डिंग चाकू बरामद हुए।
दोनों ने पुलिस को बताया कि वे बाबा धाम यात्रा से लौट रहे हैं। लेकिन न उनके पास हथियार खरीदने का कोई बिल था, न कोई लाइसेंस। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और किस मकसद से लाए गए।
सबसे चिंता की बात ये रही कि दोनों युवक ट्रेन में हथियार लेकर सफर करते रहे और स्टेशन में बिना किसी स्कैनिंग के अंदर-बाहर हो गए। स्टेशन पर न तो बैग चेक हुआ, न ही कोई जांच गेट पर रोकटोक हुई।
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के इंतजाम पहले से ही बेहद कमजोर हैं। कागजों में तो स्टेशन का पुनर्विकास हो चुका है, लेकिन हकीकत में सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं है। पुलिस की सतर्कता से इस बार तो हादसा टल गया, लेकिन अगर रेलवे ने जल्द इंतजाम नहीं किए, तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है।





