गैंगस्टर अमित जोश के एनकाउंटर के बाद गुर्गे फिर हुए सक्रिय, बीएसपी कर्मी पर जानलेवा हमला; दो गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर अमित जोश के गुर्गे फिर से सक्रिय हो गए हैं। पुलिस ने इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मामला 18 जुलाई का है, जब सेक्टर-5 में बीएसपी कर्मी चंद्रकांत वर्मा के साथ मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने अमित जोश के जीजा लक्की जॉर्ज और उसके साथी यशवंत नायडू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो तलवारें और एक ऑल्टो कार जब्त की गई है।

पीड़ित चंद्रकांत वर्मा ने बताया कि वह सेक्टर-5 मार्केट में सिगरेट पीने पान ठेले पर गया था। पान ठेला बंद था, इसलिए वह चबूतरे पर बैठकर सिगरेट पी रहा था। तभी वहां लक्की जॉर्ज और यशवंत नायडू पहुंचे और बिना वजह गाली-गलौज करते हुए उसे वहां से भगाने लगे। जब चंद्रकांत ने विरोध किया, तो दोनों ने खुद को भिलाई का गुंडा बताते हुए तलवार से उस पर हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल चंद्रकांत किसी तरह से जान बचाकर सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचा और इलाज करवाया। घटना की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक लक्की जॉर्ज पहले भी पिस्टल रखने के मामले में जेल जा चुका है, लेकिन रिहाई के बाद उसने फिर से आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button