गूगल और मेटा को ED का नोटिस, सट्टेबाजी केस में करेंगे पूछताछ
21 जुलाई को उपस्थित होने का दिया निर्देश

दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए टेक जगत की दो दिग्गज कंपनियों, गूगल और मेटा को नोटिस भेजा है। ईडी ने दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को 21 जुलाई को पेश होने के लिए समन जारी किया है। जांच एजेंसी इनसे सट्टेबाजी ऐप के प्रचार-प्रसार से जुड़ी जानकारी हासिल करना चाहती है।
ईडी का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े कई वित्तीय अपराध सामने आए हैं। इन ऐप्स को गूगल और मेटा के प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन और प्रमोशन के ज़रिए बढ़ावा दिया गया, जिससे लाखों की संख्या में लोगों को लुभाया गया। इन्हीं संदर्भों में पूछताछ के लिए दोनों कंपनियों को बुलाया गया है।
ईडी की इस कार्रवाई को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हो रहे आर्थिक अपराधों के खिलाफ कड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यदि पूछताछ में गूगल और मेटा की किसी भी तरह की भूमिका पाई गई तो कार्रवाई और भी व्यापक हो सकती है।





