अब मृत लोगों का आधार नंबर होगा बंद, ताकि न हो गलत इस्तेमाल: UIDAI ने शुरू की नई सेवा

नई दिल्ली। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) अब उन लोगों के आधार नंबर बंद कर रहा है जिनकी मृत्यु हो चुकी है, ताकि उनके आधार का कोई गलत इस्तेमाल न कर सके। आधार हर भारतीय के लिए एक 12 अंकों की खास पहचान होती है, लेकिन किसी की मौत के बाद उसका आधार बंद करना जरूरी हो जाता है।
इस काम को आसान बनाने के लिए UIDAI ने 9 जून 2025 को ‘माय आधार’ पोर्टल पर एक नई सुविधा शुरू की है, जिसका नाम है- “परिवार के सदस्य की मृत्यु की सूचना”। इस सेवा के जरिए परिवार का कोई भी सदस्य ऑनलाइन आवेदन करके मृत व्यक्ति का आधार बंद करवा सकता है। इसके लिए अपनी पहचान के दस्तावेज, मृत व्यक्ति का आधार नंबर, मृत्यु प्रमाण पत्र और कुछ जरूरी जानकारी देनी होगी।
यह सुविधा अभी 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो चुकी है और बाकी जगहों पर भी जल्द शुरू की जाएगी।
UIDAI ने इस काम के लिए भारत के महापंजीयक (RGI) से भी मदद मांगी थी। RGI ने अब तक 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 1.55 करोड़ लोगों के मृत्यु रिकॉर्ड UIDAI को दिए। जांच के बाद इनमें से लगभग 1.17 करोड़ आधार नंबर बंद किए जा चुके हैं। जिन राज्यों में यह व्यवस्था नहीं है, वहां भी प्रक्रिया जारी है और अब तक करीब 6.7 लाख रिकॉर्ड और मिले हैं, जिन पर काम हो रहा है।
अब इस नई सेवा से लोग खुद भी अपने परिवार के मृत सदस्य का आधार बंद करने का आवेदन कर सकते हैं, जिससे उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल रोका जा सके।





