मानसून सत्र में मोदी सरकार पेश करेगी 8 नए बिल, संसद की कार्यवाही 19 अगस्त तक बढ़ी

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र अब 21 जुलाई से शुरू होकर 19 अगस्त तक चलेगा। पहले यह सत्र 12 अगस्त तक तय था, लेकिन अब इसे एक हफ्ते बढ़ा दिया गया है। इस बार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार 8 नए विधेयक पेश करने और उन्हें पारित कराने की तैयारी में है।
लोकसभा सचिवालय के मुताबिक जिन अहम बिलों को लाया जाएगा, वे टैक्स, शिक्षा, खेल और खनिज नीति जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं। लोकसभा में मणिपुर जीएसटी संशोधन बिल, जन विश्वास संशोधन बिल, भारतीय प्रबंधन संस्थान संशोधन बिल, टैक्सेशन लॉ संशोधन बिल, भू-धरोहर स्थल और अवशेष संरक्षण बिल, खनिज एवं खान विकास संशोधन बिल, राष्ट्रीय खेल प्रशासन बिल और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी संशोधन बिल पेश होने की संभावना है।
इसके अलावा गोवा में आदिवासी विधानसभा क्षेत्रों के नए प्रतिनिधित्व से जुड़ा बिल, मर्चेंट शिपिंग बिल, भारतीय बंदरगाह बिल और आयकर बिल भी संसद में रखा जाएगा।
इस बार संसद की कार्यवाही और शेड्यूल की जानकारी सभी सांसदों को डिजिटल तरीके से ‘मेंबर्स पोर्टल’ के जरिए दी गई है। समन और नोटिस भी अब इसी पोर्टल से भेजे गए हैं।
संसद के इस सत्र में कई महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा और फैसले होने की उम्मीद है।





