विजय देवरकोंडा- राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज समेत 29 सेलेब्रिटी पर ED ने दर्ज किया केस
ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रचार का मामला

हैदराबाद। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को 29 सेलेब्रिटीज के खिलाफ अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रचार से जुड़े मामले में कार्रवाई की है। जिन नामों पर कार्रवाई हुई है उनमें अभिनेता विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज शामिल हैं।
हैदराबाद के मियापुर थाने में मार्च में कारोबारी पीएम फनीन्द्र शर्मा की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी। उनका आरोप था कि कई सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गैरकानूनी बेटिंग ऐप्स को प्रमोट कर रहे हैं, जिससे युवाओं को गुमराह किया गया।
ED ने इस आधार पर जांच शुरू की। अधिकारियों को संदेह है कि इन ऐप्स के प्रचार से मनी लॉन्ड्रिंग भी की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इन सेलेब्रिटी ने जंगली रमी, जीतविन, लोटस365 जैसे ऐप्स का प्रचार किया और बदले में बड़ी राशि ली। सेलेब्रिटीज में यूट्यूबर हर्षा साईं, निधि अग्रवाल, मांचू लक्ष्मी, श्रीमुखी समेत कई नाम हैं। हर्षा के यूट्यूब पर 1 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं।
A23 रमी ऐप प्रमोट किया था विजय ने
विजय देवरकोंडा ने सफाई दी कि उन्होंने A23 रमी ऐप को प्रमोट किया, जो स्किल-बेस्ड गेमिंग प्लेटफॉर्म है, न कि बेटिंग ऐप। राणा दग्गुबाती ने बताया कि उनका करार 2017 में खत्म हो गया था और प्रचार केवल कानूनी क्षेत्र तक सीमित था।
प्रकाश राज ने जंगली रमी का किया था प्रचार
प्रकाश राज ने माना कि उन्होंने 2016 में जंगली रमी का प्रचार किया, लेकिन वह अब इसे नैतिक रूप से गलत मानते हैं। ED अब सभी सेलेब्रिटीज के बयान दर्ज करने की तैयारी में है। जांच से यह तय होगा कि किसकी भूमिका कितनी थी और किसने कितना लाभ कमाया।





