पांच देशों की यात्रा के बाद भारत लौटे पीएम मोदी: जानिए आठ दिवसीय दौरे में हुई प्रमुख बातें

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की सफल यात्रा के बाद गुरुवार सुबह भारत लौट आए। उनका विमान पालम एयरपोर्ट पर उतरा। यह दौरा आठ दिनों का था, जिसमें पीएम मोदी ने घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने के लिए कई समझौते किए। पीएम मोदी की यात्रा की शुरुआत दो जुलाई को घाना से हुई। उन्हें वहां ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया यह घाना का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने घाना की संसद को भी संबोधित किया। यह दौरा ऐतिहासिक रहा क्योंकि तीन दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने घाना की यात्रा की।
त्रिनिदाद एंड टोबैगो में 6 अहम समझौते
इसके बाद पीएम मोदी त्रिनिदाद एंड टोबैगो पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू ने उन्हें ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ सम्मान प्रदान किया। पीएम मोदी और उनके समकक्ष कमला प्रसाद बिसेसर के बीच हुई बातचीत के बाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में 6 अहम समझौते हुए।
अर्जेंटीना और ब्राजील में मजबूत साझेदारी पर जोर
दक्षिण अमेरिकी देश अर्जेंटीना में राष्ट्रपति जेवियर माइली ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने 75 वर्षों के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने पर चर्चा की। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में आयोजित 17वें BRICS शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने आतंकवाद, वैश्विक संस्थाओं में सुधार और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण दिया।
नामीबिया में उच्चस्तरीय सम्मान और समझौते
यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी नामीबिया पहुंचे, जहां उन्हें ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस’ से नवाजा गया। उन्होंने नामीबिया की संसद को भी संबोधित किया और भविष्य में मिलकर काम करने का आह्वान किया। इस दौरे में कई द्विपक्षीय समझौतों पर भी सहमति बनी।





